झांसी आयी केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने जातीय जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। रविवार रात झांसी पहुंची मंत्री ने स्पष्ट कहा कि "अब श्रेय की होड़ में जो दौड़ रहे हैं, वे बताएं कि जब सत्ता में थे, तब क्यों सोते रहे?"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पांच दशक तक देश चलाने का मौका मिला, लेकिन सामाजिक न्याय जैसे अहम विषय पर कभी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। "जनता अब समझदार है, चुनावी वादों और जमीनी काम में फर्क जानती है," उन्होंने दो टूक कहा।
"मोदी सरकार फैसले लेने में नहीं करती देरी"
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि जातीय जनगणना कराने का निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "जिन दलों को आज जनगणना की इतनी चिंता हो रही है, वे कभी यूपीए का हिस्सा रहे। जब सत्ता में थे, तब क्यों नहीं लिया फैसला?"
पहलगाम हमले पर सख्त रुख – "आतंकी और उनके सरगना नहीं बचेंगे"
पहलगाम की आतंकी घटना पर मंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने साफ संदेश दे दिया है – "आतंक और उसके पोषकों को बख्शा नहीं जाएगा। सजा ऐसी मिलेगी जिसकी कल्पना भी नहीं की होगी।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत आतंकवाद के सामने कभी झुका था, न झुकेगा।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
इस मौके पर मऊरानीपुर विधायक रश्मि आर्य, अपना दल-एस के जिलाध्यक्ष दीपेंद्र पटेल, बुंदेलखंड प्रभारी कालका प्रसाद पटेल और महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष दीपमाला कुशवाहा भी उपस्थित रहीं।