झांसी। न्यायालय के आदेश के बाद नवाबाद पुलिस ने फर्जीवाड़ा करके रुपये हड़पने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। थाना मोंठ के शाहपुर स्टैंड निवासी रतन सिंह के मुताबिक जीवन शाह तिराहा स्थित नारायण प्लाजा में पंजाब के गोरनाभा निवासी गुरदीप सिंह ने जीसीए नाम से कंपनी खोली हुई थी। इन लोगों ने धोखाधड़ी करके कई लोगों से पैसे ले लिए लेकिन, जब पैसा वापस मांगा तब गुरदीप एवं उसके साथियों ने पैसा लौटाने से मना कर दिया। कुछ दिन बाद यह लोग दफ्तर का ताला बंद करके भाग गए। कई बार तलाशने के बावजूद आरोपी सामने नहीं आए। उन्होंने पुलिस को शिकायती पत्र दिया। पुलिस ने भी कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद इन लोगों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने 156/3 के तहत गुरदीप समेत भटिंडा निवासी अमरजीत सिंह चीमा पुत्र राम सिंह, गिदरवाहा निवासी प्रीतम सिंह पुत्र दौलत सिंह, जितेंद्र कुमार, सुरेंद्र पाल सिंह एवं जिम्मी ग्रोवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर नवाबाद सुधाकर मिश्र के मुताबिक न्यायालय के आदेश पर तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की विवेचना आरंभ करा दी गई है।