अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शिवाजी नगर स्थित रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ करने के साथ ही गर्भवती महिला को पीटने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने दो नामजद समेत 10-12 अज्ञात लड़कियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की आठ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। युवतियों के हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।
कोतवाली के शिवाजी नगर निवासी साक्षी शुक्ला ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे दुकान में आकर स्पर्श राय नामक युवक उधार सिगरेट मांगने लगा। उस पर पहले से 1770 रुपये उधार था। उसके पिता रामचंद्र शुक्ला ने उधार देने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर स्पर्श राय गाली गलौज करने लगा। कुछ देर बाद स्पर्श के साथ कात्या, मुस्कान खान समेत करीब 10-12 लड़कियां आईं। ये युवतियां नशे में थीं। उन लोगों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। दुकान का सारा सामान फेंक दिया। दुकान में मौजूद गर्भवती महिला को पीटकर घायल कर दिया। वह अभी तक अस्पताल में भर्ती है।
साक्षी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 191 (2), 333, 115 (2), 352 समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक छानबीन की जा रही है।