झांसी। बीस हजार रुपये की नौकरी का झांसा देकर बेरोजगारों से 1,850 रुपये की वसूली करने वाले दो लोगों पर शुक्रवार को पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ जारी है।
शुक्रवार को नवाबाद थाना इलाके में बस स्टैंड के पास एक लॉज में एक सड़क निर्माण कंपनी में भर्ती के लिए बेरोजगारों के साक्षात्कार लिए जा रहे थे। इस दौरान बेरोजगारों से 1,850 रुपये शुल्क के नाम पर लिए जा रहे थे। इसकी उन्हें कोई रसीद भी नहीं दी जा रही थी। साक्षात्कार ले रहे लोगों ने बेरोजगारों को बताया था कि चयन के बाद उन्हें 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके चलते वहां भारी संख्या में युवाओं की भीड़ जमा हो गई। सभी कतारबद्ध होकर साक्षात्कार के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस को दो लोग मिले, उनसे कंपनी से संबंधित दस्तावेज मांगे। लेकिन, वे दिखा नहीं सके। इस पर पुलिस उन दोनों को अपने साथ ले आई। उनसे पूछताछ जारी है।