झांसी। बृहस्पतिवार की सुबह को आवास विकास चौराहे पर एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बच्चों को स्कूल ले जा रहा आटो पलट गया, जिसमें दबकर पांच बच्चे और वैन चालक घायल हो गए। बच्चों की आटो को पलटा देख आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह सभी को बाहर निकाला। घायल बच्चों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां एक बच्चे की हालत नाजुक बनी र्हुई है, जबकि चार बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बच्चों की आटो को टक्कर मारने वाला कार चालक भाग निकला। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है।
खाती बाबा निवासी रवि शर्मा (29) ऑटो में कैथेड्रिल कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चों को स्कूल ले जा रहा था। ऑटो जैसे हीपहूंज नहर रोड से होते हुए आवास विकास चौराहे की ओर बढ़ा शिवपुरी हाइवे की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। आटो पलटने से बच्चे दब गए। बच्चों की चीख - पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पाकर सीपरी बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हादसे में मोहित श्रीवास्तव (14), कृष्णा (12), आस्था चौधरी (12), वंश राजपूत (10), देव कनौजिया (13) और चालक रवि शर्मा घायल हो गए। मोहित, आस्था व वंश के सिर पर चोट लगी है, जबकि देव, कृष्णा व रवि केे हाथ व पैर में चोट लगी है। सभी को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वंश की हालत नाजुक होने से उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है। सीपरी बाजार इंस्पेक्टर जेपी पाल के मुताबिक कार को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश की जा रही है।
अस्पताल में बच्चों की हालत देख अभिभावक हुए बदहवास
पुलिस ने जैसे ही हादसे की सूचना बच्चों के अभिभावकों को दी, सभी आनन - फानन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। आस्था के पिता धीरज अपने परिजनों के साथ पहुंच गए। वहीं, वंश के पिता तुलसीराम व राधा अस्पताल पहुंचे। अन्य अभिभावक भी रोते - बिलखते वहां पहुंच गए। बच्चों की हालत देखकर अभिभावक बदहवास हो गए।