झांसी। जीएसटी की एसआईबी टीम ने तालबेहट में दो बर्तन कारोबारियों के यहां छापेमारी करते हुए लाखों रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी है। दोनों ही कारोबारियों के यहां देर-रात तक स्टॉक रजिस्टर से माल का मिलान चलता रहा। असिस्टेंट कमिश्नर संजय शर्मा एवं एसआईबी प्रमुख संतोष तिवारी की अगुवाई में टीम ने मंगलवार दोपहर को नवीन कुमार गुप्ता के नवीन किचन गैलरी एवं सुशील कुमार गुप्ता के गगोई पात्र भंडार में छापा मारा। दोनों कारोबारी पिता-पुत्र हैं। गगोई भंडार में स्टॉक रजिस्टर के बिना लाखों रुपये का माल बेंच दिया गया। करीब बीस लाख रुपये का माल इस तरह से बेचा गया जबकि नवीन किचन गैलरी में करीब 50 लाख का माल गोदाम में भरा हुआ था। इसका स्टॉक रजिस्टर में कोई जिक्र नहीं था। जीएसटी टीम इस पूरे माल का मिलान करने में जुटी रही। अपर आयुक्त भानु प्रकाश मिश्र के मुताबिक दोनों कारोबारियों के मिलान की कार्रवाई की जा रही है। पूरी कार्रवाई होने के बाद उनसे जुर्माना वसूला जाएगा।