संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। नैक मूल्यांकन में ए-प्लस ग्रेड प्राप्त करने पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के अधिकारियों को प्रदेश की राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में सम्मानित किया। उन्होंने कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय को सम्मान पत्र देते हुए नैक मूल्यांकन के लिए बनाई गई टीम का भी उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि झांसी में सीमित संसाधनों के बावजूद विवि ने टॉप रैंक पाने के लिए सराहनीय कार्य किया। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि झांसी एक कम संसाधन वाला क्षेत्र है। जहां नैक के सभी मानकों को पूरा करते हुए उच्च ग्रेड प्राप्त करना बुंदेलखंड विवि के लिए निश्चित रूप से एक चुनौती पूर्ण कार्य था। लेकिन, विवि अफसरों ने यह करके दिखाया। उन्होंने टीम में शामिल महिला प्रोफेसरों और कर्मचारियों की भूमिका की भी सराहना की। साथ ही आगे एनआईआरएफ तथा क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग में भी सम्मानित स्थान प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। राज्यपाल ने नैक की तैयारी के लिए गठित विवि की टीम के सभी सदस्यों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। टीम के सदस्यों ने बताया कि विश्वविद्यालय ने नैक की तैयारी को लेकर कुछ दायित्व विद्यार्थियों को भी दिए थे। जिन्हें विद्यार्थियों ने बखूबी निभाया। राज्यपाल ने नैक टीम में शामिल रहे विद्यार्थी ऋतिक के योगदान को भी सराहा। उन्होंने विश्वविद्यालय के 50 प्रतिशत कार्यों में विद्यार्थियों को शामिल करने व नैक टीम के सदस्यों का अनुभव पुस्तक के रूप में सभी से साझा करने के लिए कहा। बैठक में अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ. सुधीर महादेव बोवड़े व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।