अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की सेमेस्टर और वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम एक-दो दिन में आने शुरू हो जाएंगे। इसे लेकर शनिवार को विश्वविद्यालय में हुई बैठक में मूल्यांकन कार्य की समीक्षा की गई। विभागाध्यक्षों को मूल्यांकन कार्य में तेजी लाने के निर्देश जारी किए गए।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध कॉलेजों में आयोजित हुईं वार्षिक परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का काम विश्वविद्यालय में जारी है। शनिवार को परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने मूल्यांकन कार्य की समीक्षा की। इस दरम्यान उन्होंने कहा कि मूल्यांकन व्यवस्थित ढंग से पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। परिणाम जारी करने में किसी तरह की देरी न की जाए। परिणाम री-चेकिंग के बाद जारी किया जाए। इस दरम्यान परीक्षा परिणाम को लेकर विभिन्न विभागों के डीन और विभागाध्यक्षों के भी सुझाव लिए गए। साथ ही बताया गया कि परीक्षा परिणाम एक-दो दिन में जारी करने शुरू कर दिए जाएंगे। बैठक में विभिन्न विभागों के डीन और विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।