झांसी। कोरोना महामारी की वापसी के खतरे के बीच मेडिकल कॉलेज में निर्माणाधीन पांच सौ बेड अस्पताल का बजट जारी नहीं हो पाया है। जबकि, शासन द्वारा डेढ़ महीने पहले इसकी वित्तीय मंजूरी दी जा चुकी है। अस्पताल का बजट आने के बाद काम पूरा होने में कम से कम चार महीने लगेंगे।
मेडिकल कॉलेज में पिछले पांच सालों से बजट न मिलने से 500 बेड अस्पताल का काम लटका हुआ है। काम पूरा होने के लिए करीब 43 करोड़ रुपये की जरूरत है। 2022 में दोबारा सरकार बनने के बाद झांसी दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीती सात मई को इस अस्पताल का निरीक्षण किया था। अस्पताल में कितना काम होना बाकी है, क्या-क्या सुविधाएं मरीजों को मिलने लगेंगी, इस संबंध में प्राचार्य से पूछताछ की थी। सीएम ने कमेटी बनाकर अधूरा काम पूरा होने के लिए जरूरी बजट की रिपोर्ट बनाकर भेजने को कहा था। जिला प्रशासन द्वारा रिपोर्ट भेजने के बाद बीते सात नवंबर को शासन ने अस्पताल के निर्माण के लिए वित्तीय मंजूरी दे दी थी। मगर 50 दिन से ज्यादा बीत जाने के बाद भी बजट जारी नहीं हो पाया है।
अस्पताल के निर्माण के लिए जरूरी बजट को शासन से वित्तीय मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही बजट जारी होने की उम्मीद है। बजट मिलने के बाद काम पूरा होने में कम से कम चार महीने लगेंगे। - डॉ. सचिन माहुर, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज।