झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) कैंपस एवं संबद्ध कॉलेजों में सम सेमेस्टर परीक्षाएं शनिवार से तीन पालियों में होंगी। पहली बार प्रत्येक पाली की परीक्षा से एक घंटे पहले ही नोडल अधिकारी को पेपर व ओएमआर सीट मिलेगी। इनके लिए बनाए गए 218 परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी से कंट्रोल रूम से जोड़ लिया गया है। परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया सेमेस्टर और वार्षिक पद्धति के पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं शनिवार से शुरू होगी। इन परीक्षाओं के लिए 218 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक भी ड्यूटी देंगे। पहली पाली की परीक्षा की ओएमआर सीट जमा होने के बाद ही दूसरी पारी का पेपर व ओएमआर सीट जारी होगी। यही क्रम हर पाली की परीक्षा के लिए बना रहेगा। ब्यूरो