झांसी। पीईटी अभ्यर्थियों की भीड़ से शनिवार को पूरे दिन झांसी स्टेशन पटा रहा। छात्रों की भारी भीड़ के चलते दिन भर स्टेशन पर हल्ला मचता रहा।
शाम को परीक्षा खत्म होने के बाद घर वापसी के लिए लौट रहे छात्रों ने कई सवारी गाड़ियों के एसी कोच मेें कब्जा जमा लिया। स्लीपर कोच के भीतर छात्रों की भारी भीड़ के चलते जगह नहीं बची।
पीईटी परीक्षा के लिए छात्रों का जत्था शुक्रवार रात से ही कानपुर, महोबा, छतरपुर, ग्वालियर, इटावा, ललितपुर, हमीरपुर आदि इलाकों से आना शुरू हो गया था। रात भर हजारों छात्र स्टेशन के आसपास डेरा डाले रहे। शनिवार सुबह भी छात्रों की भारी भीड़ स्टेशन पहुंची। प्लेटफार्म संख्या एक, दो, तीन एवं चार पर छात्रों की भारी भीड़ दिखी। परीक्षा खत्म होने के बाद शाम करीब छह बजे तक छात्रों का भारी हुजूम स्टेशन पहुंच चुका था। घर वापसी की हड़बड़ी मेें जनरल डिब्बे में जगह न मिलने पर छात्र सवारी गाड़ियों के एससी कोच तक में जा घुसे। महाकौशल एक्सप्रेस, बुंदेलखंड एक्सप्रेस समेत अन्य कई सवारी गाड़ियों के छात्रों के एसी कोच में घुसने से यात्रियों के साथ विवाद भी हुआ। मौके पर आरपीएफ भी पहुंची लेकिन, छात्रों की भारी भीड़ के सामने आरपीएफ कर्मी भी बेबस दिखे। किसी तरह से ट्रेन को आगे रवाना किया। कानपुर समेत बांदा, आगरा की ओर जाने वाली ट्रेनों में यही स्थिति दिखाई पड़ी। वहीं, आरपीएफ इंस्पेक्टर आरके कौशिक का कहना है सभी गाड़ियों को समय पर आगे रवाना किया गया।
रेलवे स्टेशन पर बदइंतजामी का आलम
रेलवे स्टेशन पर करीब चालीस हजार अभ्यर्थी आज पहुंचे लेकिन, इनके लिए रेलवे की ओर से कोई भी अतिरिक्त इंतजाम नहीं किए गए थे। इतनी बड़ी तादात में अभ्यर्थियों के आने के बावजूद रेल प्रशासन ने कोई भी परीक्षा स्पेशल नहीं चलाई। इस वजह से छात्रों समेत सामान्य यात्रियों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी। छात्रों के एसी कोच में घुस जाने से महिलाओं के साथ सफर करने वाले यात्री भी काफी परेशान हुए।
कानपुर रोड पर दिन लगा रहा जाम
झांसी। पीईटी परीक्षा के दौरान महानगर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पुलिस की ओर से छह सौ अतिरिक्त जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। अभ्यर्थियों को आवागमन में समस्या न हो, इस पर विशेष फोकस रखा गया था। बावजूद, कानपुर रोड पर बस स्टैंड के पास दिन भर जाम के हालात बने रहे। इससे अभ्यर्थियों के अलावा जन सामान्य के लोगों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ब्यूरो
डीएम, एसएसपी ने किया निरीक्षण
झांसी। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के दौरान शनिवार को डीएम रविंद्र कुमार व एसएसपी राजेश एस ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा केंद्र इकरा इंटर कॉलेज में कम रोशनी पाई गई, इस पर अफसरों ने रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि अव्यवस्था होने पर भविष्य में विद्यालय को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। इसके अलावा अन्य दिशा निर्देश भी जारी किए। ब्यूरो