उल्दन के पचवारा गांव निवासी महिला सुधा (25) के पति शंकर अहिरवार की दो वर्ष पहले मौत हो गई। उसकी तीन बेटी हैं। भाई की मौत के बाद उसका छोटा भाई रवि भाभी और बच्चियों की देखभाल करने लगा। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। देवर ने शुरू में सुधा से विवाह करने की वायदा किया लेकिन, कुछ समय पहले उसने शादी करने से इनकार कर दिया। इससे सुधा तनाव में आ गई। शिकायत लेकर वह उल्दन थाना पहुंच गई।
थाना प्रभारी अजमेर सिंह भदौरिया ने देवर समेत परिजनों को थाने बुलाया। गांव के दूसरे लोगों की मौजूदगी में कई घंटे पंचायत चली। पंचायत में परिजन दोनों के विवाह पर राजी हो गए। देवर भी सुधा से विवाह करने पर राजी हो गया। दोनों की रजामंदी के बाद थाना परिसर में ही विवाह के लिए वेदी तैयार की गई। पुलिस कर्मियों को साक्षी बनाकर देवर-भाभी ने एक दूसरे को वरमाला पहना दी। थाना प्रभारी का कहना है कि परिवार के लोगों की राजामंदी से दोनों का विवाह करा दिया गया।