- इस सत्र की किताबों की ढुलाई के लिए अब तक नहीं आया बजट
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। परिषदीय स्कूलों में नए सत्र की किताबें होली के बाद पहुंचेंगीं। आचार संहिता लगने से पहले किताबों की ढुलाई का टेंडर हो गया है, लेकिन बजट अब तक जारी नहीं हुआ है।
बेसिक शिक्षा परिषद ने विद्यालयों में नए सत्र प्रारंभ के पहले दिन ही किताबें पहुंचाने की तैयारी की थी। सत्र समाप्ति में ही किताबों की छपाई का ऑर्डर और ढुलाई का टेंडर करने के निर्देश परिषद ने जारी किए थे। लगभग 13 लाख किताबों की छपाई के लिए जिले से ऑर्डर दिया गया। अब तक लगभग ढाई लाख किताबें जिले में आ चुकी हैं। इन किताबों को विद्यालय तक पहुंचाने के लिए ढुलाई का टेंडर भी हो चुका है। लेकिन अब तक ढुलाई के लिए बजट जारी नहीं किया गया है। इसके लिए विभाग ने साढ़े सात लाख रुपये के बजट की मांग की है। अफसरों का कहना है कि जल्द बजट मिल जाएगा। बीएसए नीलम यादव ने बताया कि नए सत्र की पाठ्य पुस्तकें जिला मुख्यालय पर पहुंचना शुरू हो गई हैं। अगले सप्ताह से इन्हें विद्यालय में भेजना शुरू कर दिया जाएगा।