अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में खून की सौदेबाजी करने वाले एक व्यक्ति को सुरक्षा कर्मचारियों ने दबोच लिया। उसके पास से थैले में एक यूनिट खून का पैकेट भी बरामद हुआ है। कॉलेज प्रशासन ने उसे पुलिस को सुपुर्द कर दिया है, जहां उससे पूछताछ जारी है।
मेडिकल काॅलेज में नर्सिंगहोम से लेकर पैथोलॉजी, ब्लड बैंकों के दलाल सक्रिय हैं। ये मेडिकल कॉलेज से मरीजों को बहला-फुसलाकर अपने सेटिंग वाले अस्पताल पर ले जाकर भर्ती करवा देते हैं। जहां उन्हें मोटा कमीशन मिलता है। इसके अलावा ब्लड बैंकों के दलाल भी सक्रिय हैं, जो कॉलेज में भर्ती मरीजों से मोटी रकम वसूलकर रक्त की सप्लाई करते हैं। अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में ही इस रैकेट को लेकर ‘यहां तो पर्चा ही नहीं बनेगा... नर्सिंगहोम में इलाज कराओ, तभी मरीज ठीक होगा’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। शुक्रवार को ही मेडिकल कॉलेज में खून का सौदागर दबोच लिया गया। सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि गायनी विभाग के बाहर खून की सौदेबाजी करने वाला व्यक्ति घूम रहा था। सुरक्षा कर्मचारियों को शक हुआ तो वह उसके पीछे लग गए। उसके पास थैला था। सुरक्षा कर्मचारियों ने थैले की जांच की तो उसमें एक यूनिट रक्त का पैकेट था। पूछताछ शुरू की तो बोला उससे रक्त मंगवाया गया था। वह न तो रक्त मंगवाने वाले का नाम बता रहा था, न ही फोन नंबर। इसलिए उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जो भी बात पूछताछ में सामने आएगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कॉलेज के ही कुछ लोगों पर भी शक
झांसी। दबोचे गए व्यक्ति ने बताया है कि उसके पास ब्लड लाने के लिए किसी का फोन आया था। ऐसे में शक है कि कॉलेज का भी कोई व्यक्ति इस गोरखधंधे में शामिल हो सकता है।