अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पति से विवाद के बाद मायके में रह रही पत्नी को उसके पति ने ससुराल में पहुंचकर जमीन में घसीट-घसीट कर बुरी तरह से मारापीटा। उसके दृष्टिहीन ससुर ने बीच-बचाव की कोशिश लेकिन, दामाद ने उनको भी बुरी तरह से पीटा। पड़ोसियों ने दामाद की इस हरकत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घायल पत्नी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी दामाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली के अन्नापूर्णा गार्डन के पास रहने वाली वैशाली ने पुलिस को बताया कि पति रजनीश त्रिपाठी के साथ उसका विवाद चल रहा है। कुछ महीने पहले वह अपने दोनों जुड़वा बच्चों को लेकर मायके आ गई थी। सोमवार दोपहर रजनीश अचानक से मायके आ धमका और दोनों बच्चों को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा। उसने जब बच्चों को देने से इन्कार किया तब आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। लात-घूंसों से बुरी तरह मारने-पीटने लगा। उसके दृष्टिहीन पिता ने जब बीच बचाव की कोशिश की तब आरोपी ने उनके ऊपर भी हमला कर दिया। वैशाली के मुताबिक आरोपी जान से मार डालने की धमकी देते हुए भाग निकला। सीओ सिटी राजेश राय के मुताबिक वैशाली की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।