झांसी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सोमवार को झांसी आएंगे। वह पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके निकाय चुनाव को लेकर मंथन करेंगे। मेयर, नगर पालिका चेयरमैन और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के आवेदनों को लेकर भी लंबी चर्चा होगी।
चुनाव से ठीक पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का ये दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। भूपेंद्र चौधरी सोमवार को दोपहर 12 बजे झांसी पहुंचेंगे। दोपहर दो बजे वह पार्टी कार्यालय जाएंगे। यहां पर जिले और महानगर के पदाधिकारियों, नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के संयोजक व प्रभारी आदि के साथ बैठक करेंगे। बताया गया कि मेयर पद के लिए अब तक 25 आवेदन आ चुके हैं। इसके अलावा नगर पालिका चेयरमैन और नगर पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनने के लिए भी कई कार्यकर्ता दावेदारी ठोक चुके हैं। ऐसे में क्षेत्र के जातीय आंकड़ों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष पार्टी नेताओं के साथ मंथन करेंगे।
बाहरी प्रत्याशी को लेकर अंदरूनी विरोध की लेंगे थाह
झांसी। हाल ही में सपा और बसपा के दो नेताओं ने भी पार्टी छोड़ी है। उनकी भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष इन नेताओं को लेकर भी इनपुट लेंगे। साथ ही बाहरी पार्टी से आने वाले नेता को प्रत्याशी बनाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में चल रहे अंदरूनी विरोध को लेकर भी प्रदेश अध्यक्ष थाह लेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष के सामने गूंज सकता दो विधायकों का विवाद
झांसी। इस समय झांसी में दो विधायकों के बीच तनातनी चल रही है। विवाद शासन तक पहुंच चुका है। दरअसल भाजपा के सदर विधायक रवि शर्मा ने पिछले दिनों बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा के करीबी अमित पालर की शिकायत शासन में की थी। कहा था कि अवैध खनन किया जा रहा है। बड़े पैमाने पर यह काला कारोबार चल रहा है। शासन तक पहुंची शिकायत के बाद अमित पालर पर कार्रवाई शुरू हुई। दो मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। उनका शस्त्र लाइसेंस भी निरस्त करने की प्रक्रिया चल रहा है। क्योंकि अमित पालर बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा के करीबी हैं लिहाजा माना जा रहा है कि वह भी कहीं न कहीं अमित के साथ खड़े हैं।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सोमवार को दोपहर 12 बजे झांसी आएंगे। वो पहले पार्टी पदाधिकारियों और फिर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। - मुकेश मिश्रा, महानगर अध्यक्ष, भाजपा।