संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। अंतरिम बजट में पुराने बकाया कर मांग मामले में राहत देते हुए सरकार ने छोटे करदाताओं का कर माफ कर दिया है। इसका झांसी के 12000 छोटे करदाताओं को सीधा लाभ मिलेगा। इनका 2.75 करोड़ रुपये का कर माफ किया जाएगा। इसके लिए आयकर विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।
केंद्र सरकार ने अंतरिम बजट में साल 2009-10 के पुराने बकाया कर मामले में 25 हजार और वित्त वर्ष 2014-2015 तक के बकाया कर मामले में 10 हजार रुपये तक का कर माफ किया है। झांसी में भी करीब 12 हजार ऐसे आयकर दाता हैं, जिनका पुराना बकाया है। इनको सरकार के फैसले का सीधा लाभ मिल गया है। बता दें कि आयकर माफी के यह मामले लंबे समय से लंबित थे, जो अब निस्तारित होंगे।
आयकर अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि बजट में छोटे करदाताओं को लाभ दिया गया है। इनकी मांग लंबित थीं। जिले के लगभग 12 हजार करदाताओं का 2.70 करोड़ रुपये आयकर माफ किया जाएगा। इसमें वित्तीय वर्ष 2009-10 तक के 25 हजार और वित्तीय वर्ष 2014-15 तक के 10 हजार तक की लंबित मांगों वाले करदाता शामिल हैं।