अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के बड़े नेता ने वक्फ की अरबों की संपत्ति पर कब्जा कर रखा है। ओवैसी भी लगभग तीन हजार करोड़ की जमीन पर शॉपिंग मॉल और होटल बनाए हुए हैं। बाबर और औरंगजेब की तरह वक्फ बोर्ड भारत में आया था। उन्होंने ये बातें सोमवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं।क्षेत्रीय अध्यक्ष बोले कि 1954 में वक्फ बोर्ड के नाम 10 हजार एकड़ भूमि थी, जो 1995 में बढ़कर 18 लाख एकड़ पहुंच गई। फिर 2013 में तत्कालीन यूपीए की सरकार ने संशोधन कर वक्फ बोर्ड की शक्तियों को बढ़ाकर संपत्ति अधिकारों को कमजोर कर दिया। इससे मनमाने ढंग से भूमि अधिग्रहण को बढ़ावा मिला। देश में वक्फ बोर्ड के नाम पर 38 लाख एकड़ भूमि है, जो रक्षा मंत्रालय और रेलवे की भूमि से कहीं ज्यादा है। कुछ लोग वक्फ बोर्ड का दुरुपयोग कर रहे थे। केरल में 1500 साल पुराने मंदिर और गांव को भी वक्फ की संपत्ति होने का दावा करने लगे थे। केंद्र सरकार ने बिल में जो संशोधन किया है, उसके बाद मुसलमानों में पसमांदा, बोहरा समाज के लोगों को भी हक मिलेगा। कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) की तरह ही वक्फ संशोधन बिल पर विपक्षी दल आम मुसलमानों में तरह-तरह से भ्रम फैला रहे हैं। इसके मद्देनजर पांच मई तक नए वक्फ कानून को लेकर भाजपा के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जागरुकता अभियान चलाएंगे। इस दौरान, सदर विधायक रवि शर्मा, महानगर अध्यक्ष हेमंत परिहार, जिला महामंत्री अमित साहू, सह मीडिया प्रभारी सौरभ मिश्रा, शैलेंद्र प्रताप सिंह आदि रहे।