गल्ला मंडी मार्ग डडियापुरा में बेटियों ने पिता गोरेलाल साहू की मृत्यु के बाद शमशान घाट में मुखाग?
झांसी। गल्ला मंडी रोड डड़ियापुरा निवासी गोरेलाल का शुक्रवार को निधन हो गया। निधन के बाद उनकी अर्थी को बेटियों ने कंधा देते हुए मुक्तिधाम तक पहुंचाया और अंतिम संस्कार किया। परिजनों का कहना है कि गोरेलाल काफी समय से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार की सुबह हृदयगति रुक जाने से उनका निधन हो गया। पिता की मौत की सूचना मिलने पर उनकी चारों बेटियां शोभा, संगीता, लेखनी और स्वाति घर आईं। बेटियों ने पिता के साथ किए अपने वायदे को पूरा करते हुए उनके शव को कंधा दिया। इन बेटियों ने ही पिता की अर्थी को विधि - विधान के साथ मुक्तिधाम तक पहुंचाया। यहां पूरे हिंदू संस्कार के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनके तमाम परिजन एवं रिश्तेदार भी मौजूद रहे। मुक्तिधाम में मौजूद परिजनों ने बेटियों को दुख सहन करने के लिए ढांढस बंधाया। उनका अंतिम संस्कार श्याम चोपड़ा स्थित मुक्तिधाम पर किया गया।