संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। विकास खंड सभागार में सोमवार को सेवा सेतु अभियान ‘सरकार आपके द्वार’ के तहत आयोजित सात दिवसीय कार्यक्रम के छठवें दिन शिविर का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष कृष्णचंद्र तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान कृष्णचंद्र तिवारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत शिविर लगाए जा रहे हैं। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया। वहीं, संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी।
इस मौके पर बीडीओ महेश चंद गौड़, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कोमल सिंह, श्याम बिहारी दुबे, सुरजीत राजपूत, डॉ. सचिन यादव, डॉ. नितिन गुप्ता आदि मौजूद रहे।