झांसी। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा एक जून को होगी। अधिकांश अभ्यर्थियों की परीक्षा उनके गृह जनपद में ही होगी। प्रदेश कोऑर्डिनेटर प्रो. एसपी सिंह ने बतया कि वाराणसी, बलिया व चंदौली के पांच फीसदी अभ्यर्थियों का ही परीक्षा केंद्र दूसरे विकल्प के जिले में होगा। बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए 3.47 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। इनके प्रवेश-पत्र 25 मई से जारी हो जाएंगे। बृहस्पतिवार को परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करने में टीमें जुटी रहीं। बीएड परीक्षा के प्रदेश कोऑर्डिनेटर ने बताया कि ललितपुर, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर, कासगंज व श्रावस्ती जिलों में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए हैं, इसलिए यहां के अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र अभ्यर्थी की दूसरी वरीयता का होगा। वहीं, वाराणसी, बलिया व चंदौली के उम्मीद से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसलिए इन जिलों के पांच फीसदी अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र भी द्वितीय वरीयता के आधार पर बनेगा। ब्यूरो