झांसी के बरुआसागर थाना इलाके में एक किसान ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक पर बेटी की शादी का कर्ज था, इससे वह उबर नहीं पाया था कि इस बार फसल खराब हो गई। इससे मानसिक रूप से परेशान था।
बरुआसागर के ग्राम इटौरा निवासी मोतीलाल के पुत्र गजराज (45) खेतीबाड़ी कर परिवार का जीवन यापन करते थे। चार साल पहले उन्होंने बेटी आरती की शादी की थी। बेटी की शादी में उन्होंने गांव के कुछ लोगों से तकरीबन चार लाख का कर्ज लिया था, जिसकी वह अदायगी नहीं कर पा रहे थे।
ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार दांगी ने बताया कि पिछले खरीफ के सीजन में गजराज ने मूंग, उड़द और तिल की बुवाई की थी। गजराज को उम्मीद थी कि फसल अच्छी होने पर वे अपना अधिकांश कर्ज उतार देंगे। लेकिन, बारिश की वजह से फसल खराब हो गई। इससे वे मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
रविवार को वह घर में अकेले थे। पत्नी ढकेली और बेटा महेंद्र (19) खेत पर गए हुए थे। इसी दरम्यान उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया, इससे उनकी मौत हो गई।