संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। मोंठ ब्लॉक सभागार में मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक हुई, जिसमें सरकार की योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर बल दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) अजय शर्मा और खंड विकास अधिकारी राकेश त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान बीडीओ ने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान विशेष रूप से पीएम स्वरोजगार योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा योजना आदि की प्रगति की समीक्षा की गई। अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि बैंकों को चाहिए कि वे अधिक से अधिक किसानों को केसीसी योजना से जोड़ें, जिससे वे खेती की आवश्यकताओं के लिए सुलभ ऋण प्राप्त कर सकें। इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी जितेंद्र, अविनाश कुमार, विजय कुमार समेत क्षेत्र के बैंक शाखा प्रबंधक, सहकारी समितियों के प्रतिनिधि, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।