फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: रक्षा मंत्रालय पहुंचा बबीना सब स्टेशन का मामला

विज्ञापन
विज्ञापन
- सैन्य विभाग द्वारा 4.80 करोड़ रुपये मांगने से करीब दो वर्ष से वैसे पड़े हैं 40-40 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर
विज्ञापन


- सैन्य अधिकारी ने रक्षा मंत्रालय को भेजा पत्र

अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बबीना के 220 केवी सब स्टेशन में ऐसे ही खड़े 40 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर का मामला अब रक्षा मंत्रालय पहुंच गया है। यदि मंत्रालय 33 केवी लाइन बिछाने के एवज में सैन्य विभाग द्वारा मांगे गए 4.80 करोड़ रुपये न लेने पर अपनी सहमति देता है तो बिजली की समस्या का समाधान हो जाएगा।
बिजली विभाग के ट्रांसमिशन और आपूर्ति विभाग के अफसरों के बीच तालमेल के अभाव का उदाहरण 220 केवी सब स्टेशन बबीना है। यह करीब दो साल पहले बनकर तैयार हुआ और इसमें 40-40 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर यूं ही खड़े हैं। अधिकारी चाहकर भी इन ट्रांसफार्मरों से आपूर्ति शुरू नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि 33 केवी सब स्टेशनों के लिए लाइन नहीं बिछ पा रही है। सैन्य विभाग ने छावनी एरिया में लाइन बिछाने के एवज में बिजली विभाग से 4.80 करोड़ रुपये मांगे हैं।
विज्ञापन

बिजली विभाग के अधिकारी 4.80 करोड़ से राहत के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे, जो अब साकार होता दिख रहा है। मुख्य अभियंता सैयद अब्बास रिजवी ने बताया कि सैन्य अफसर से हुई वार्ता के अब सकारात्मक परिणाम आने लगे हैं। उन्होंने अपनी सहमति जताकर रक्षा मंत्रालय को पत्र भेज दिया है। जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है, इससे 1.35 लाख उपभोक्ताओं को बिजली की समस्या से राहत मिलेगी।

0- दुनारा में लगने लगा 40 एमवीए का ट्रांसफार्मर
ट्रांसमिशन विभाग ने दुनारा में 40 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि 20 से 25 दिन के अंदर काम पूरा हो जाएगा और इससे बिजली आपूर्ति 33 केवी सब स्टेशनों के लिए शुरू हो जाएगी।


0- ऐसे जोड़ा जाएगा 33 केवी सब स्टेशनों को
132 केवी हंसारी सब स्टेशन से जेल चौराहा, बीएचईएल, बीएचईएल-एक, एमईएस बबीना, मुन्नालाल पावर हाउस, नंदनपुरा सब स्टेशन, सूती मिल सब स्टेशन आदि को बिजली दी जाती है। बबीना सब स्टेशन में लगे 40-40 एमवीए के ट्रांसफार्मर चालू होने पर बीएचईएल, बीएचईएल-एक, एमईएस बबीना को हंसारी से बिजली आपूर्ति बंद हो जाएगी। इससे हंसारी सब स्टेशन पर ओवरलोड की समस्या खत्म हो जाएगी। दुनारा सब स्टेशन का 40 एमवीए ट्रांसफार्मर शुरू होने पर मेडिकल सब स्टेशन आदि की बिजली सुचारु होगी।

0- ऐसे मिलेगी लोगों को राहत
वर्तमान में उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति हंसारी सब स्टेशन पर लगे 63 एमवीए के तीन ट्रांसफार्मर और दुनारा में लगे 40 एमवीए के दो ट्रांसफार्मरों से होती है। यानी पांचों ट्रांसफार्मरों की क्षमता 269 एमवीए है। यदि तीनों नए ट्रांसफार्मर चालू हो गए तो कुल क्षमता 389 एमवीए हो जाएगी।
विज्ञापन



0- अनुमति नहीं मिली तो गर्मी में होगा गंभीर संकट

बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि रक्षा मंत्रालय से राहत नहीं मिली, तो आने वाली गर्मी में गंभीर बिजली संकट खड़ा हो सकता है। ट्रांसमिशन के मुख्य अभियंता संदीप बंसल ने बताया कि 2024 की गर्मी तो किसी तरह से गुजर गई, मगर आने वाली गर्मी काटना मुश्किल होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें