छात्रों ने की बीए की छठवें सेमेस्टर की परीक्षा को आगे बढ़ाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विवि की तरफ से सम सेमेस्टर परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी गई है। इसमें 16 जून को बीए के षष्ठम सेमेस्टर और यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा एक ही दिन पड़ रही है। अब छात्रों ने बीए के छठवें सेमेस्टर की परीक्षा की तिथि बदलने की मांग की।
बीए छठवें सेमेस्टर में पढ़ने वाले कई विद्यार्थियों ने यूपीएससी की परीक्षा के लिए भी आवेदन किया है। एक ही दिन दोनों परीक्षाएं होने से उनके सामने संकट खड़ा हो गया है। सोमवार को स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय के छात्र पुष्कर अग्रवाल समेत कई विद्यार्थियों ने परीक्षा नियंत्रक को प्रार्थनापत्र सौंपा। पत्र में कहा कि वह और उनके कई साथी यूपीएससी-प्री परीक्षा देंगे। मगर उसी तिथि में बीए छठवें सेमेस्टर की परीक्षा होने से असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने 16 जून को होने वाली बीए की परीक्षा की तिथि बदलने की मांग की।