संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में राज्य स्तरीय अंडर-17 जूनियर बालक-बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। तीन से छह जून तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों के 250 मुक्केबाज प्रतिभाग कर रहे हैं। खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ की ओर से मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में राज्य स्तरीय अंडर-17 जूनियर बालक-बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे, बॉक्सिंग संघ के महासचिव प्रमोद कुमार व कोषाध्यक्ष रोहित पांडेय, मंडल संयोजक संजीव सरावगी, समाजसेवी अंजना जैन, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहला मुकाबला बालक वर्ग में 44 से 46 किलोग्राम भार वर्ग में झांसी मंडल के मुक्केबाज आयुष वर्मा व सहारनपुर के कुंवर साहब के मध्य खेला गया। झांसी मंंडल के मुक्केबाज विजयी रहे। दूसरा मुकाबला बालिका वर्ग में 44 से 46 किलोग्राम भार वर्ग में लखनऊ की आशिका व सहारनपुर की वंशिका के मध्य खेला गया। लखनऊ मंडल की आशिका विजयी रहीं। तीसरा मुकाबला प्रयागराज मंडल की रश्मि व गोरखपुर की नीशू के मध्य हुआ। प्रयागराज की रश्मि विजेता रहीं। चौथा मैच वाराणसी मंडल की फलक खातून व देवीपाटन की अंजली कश्यप के मध्य हुआ। वाराणसी की फलक खातून विजयी रहीं। पांचवां मैच झांसी मंडल की साक्षी राय व आगरा की दीपिका के बीच खेला गया। आगरा की दीपिका विजयी रहीं। छठवां मुकाबला अलीगढ़ की जानेव व मुरादाबाद मंडल की संजना के मध्य हुआ, जिसमें अलीगढ़ की जानेव विजयी रहीं। इस प्रतियोगिता में लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, आजमगढ़, बरेली, फैजाबाद, मुरादाबाद, बस्ती, चित्रकूट, सहारनपुर, देवीपाटन, मिर्जापुर, अलीगढ़, मेरठ छात्रावास एवं झांसी छात्रावास मंडल की बालक-बालिका वर्ग की टीमों के 250 मुक्केबाज प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ के मौके पर राजेश सोनकर, अभिषेक कुमार धानुक, सुनील कुमार, विकास उपाध्याय, विकास वेंदया आदि मौजूद रहे।