झांसी। बुधवार की रात सीपरी बाजार थाना इलाके की कांशीराम कॉलोनी में ऑटो चालक की निर्ममता से हत्या कर दी गई। कूंड़ा फेंकने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर घटना को अंजाम दिया। मौके से भाग रहे हमले के आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्वालियर रोड स्थित नई कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 23 में ऑटो चालक भगवानदास (52) अपने परिवार के साथ रहते थे। वह बिल्डिंग में तीसरी मंजिल पर रहते थे। जबकि, उसी बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर पेशे से पेंटर दिनेश वर्मा का घर है। भगवानदास ने दूसरी मंजिल पर भी एक जान-पहचान के व्यक्ति का खाली मकान ले रखा है, जो दिनेश वर्मा के घर के सामने है। बुधवार की रात भगवानदास ने दूसरी मंजिल के घर के बाहर कूड़ादान रख दिया। इसका पास में रह रहे दिनेश वर्मा ने विरोध किया। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। इसी बीच दिनेश वर्मा अपने घर से तकरीबन एक फुट लंबा चाकू निकाल लाया और उसने भगवानदास की छाती पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इससे कॉलोनी में सनसनी मच गई। आसपास के लोगों ने आनन-फानन भगवानदास को इलाज के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जबकि, घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर घर का ताला लगातार भागने की फिराक में था, जिसे क्षेत्रीय लोगों ने घेरकर पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मृतक भगवानदास के 20 से 25 वर्ष की आयु के तीन बेटेे हैं। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।