मंगलवार की शाम क्षेत्र के ग्राम बड़ागांव में जांच करने गए दरोगा और सिपाही पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए भाग रहे पुलिस कर्मियों पर पथराव किया। हमले में दरोगा और एक सिपाही चुटहिल हो गया। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया गया। घटना से गांव में सनसनी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बड़ागांव में पुलिस की टीम मंगलवार की शाम जमीन संबंधी विवाद की जांच करने गई थी । जांच करने गए दरोगा दीपक कुमार और कांस्टेबल शिव शंकर मौके पर लोगों से पूछताछ करने लगे। इसी दौरान शाम लगभग साढ़े छह बजे दूसरे पक्ष के लोगों ने आकर दरोगा और सिपाही पर हमला कर दिया। दोनों की पिटाई कर दी। स्थिति देख दरोगा और सिपाही जान बचाने के लिए मौके से भागे। इस पर हमलावरों ने पथराव भी किया। घटना की सूचना पाकर मऊरानीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। हमले में दरोगा और सिपाही को चोटें आई हैं।
पुलिस दोनों को लेकर अस्पताल पहुंची। वहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इस घटना को पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। देर रात तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।