झांसी। झांसी रेल मंडल को एक और नया माल गोदाम मिल गया है। यह मुरैना के सांक में बनाया गया है। यहां से पहली रैक बांग्लादेश भेजी गई है, जिससे रेलवे को 62 लाख रुपये से अधिक की आय हुई है।
रेलवे द्वारा माल की ढुलाई पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है। इसी के तहत माल गोदामों की संख्या बढ़ाई जा रही है। अब तक झांसी रेल मंडल में 40 माल गोदाम थे। अब पांच और बनाए जाने हैं। इनमें से एक मुरैना के सांक में बनकर तैयार हो गया है। यहां से 56 बोगियों की पहली रैक बांग्लादेश के दर्शना के लिए भेजी गई है। इस रैक में दुधारू पशुओं के चारे में मिलाई जाने वाली खली भेजी गई है।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सांक से बांग्लादेश के दर्शना भेजी गई रैक से रेलवे को 62,11,766 रुपये की आय हुई है। रेलवे का माल ढुलाई पर फोकस है।
गढ़मऊ का माल गोदाम फाइलों में दबा
झांसी। झांसी में रेलवे का माल गोदाम सीपरी बाजार से सटा हुआ है। सीपरी बाजार की घनी आबादी से होते ही मालगोदाम के लिए ट्रकों का आवागमन बना रहता है। इससे यहां जाम लगता है। इस समस्या के समाधान के लिए माल गोदाम को गढ़मऊ में शिफ्ट करने की योजना बनाई गई थी। लेकिन, अब तक इस प्रस्ताव को रेल प्रशासन की मंजूरी नहीं मिल पाई है।