महिला थाने में मंगलवार को एक अजीबो-गरीब मामला पहुंचा। थाने में पत्नी अपने पति के अक्सर गाली गालौज की शिकायत लेकर पहुंची थीं लेकिन, जब पुलिस ने उसके पति को बुलाया, तब मामला ही उलट निकला। पति ने पुलिस को वीडियो दिखाया जिसमें पत्नी उसकी पिटाई करती नजर आ रही है। थाने में चली कई घंटे की पंचायत के बाद आखिरकार पुलिस ने दपंती के बीच सुलह-समझौता कराकर घर भेजा।
शिकायती पत्र मिलने पर पति को थाने बुलाया गया
सदर बाजार निवासी एक महिला सुबह शिकायती पत्र लेकर महिला थाने पहुंची उसने बताया कि ससुराली जन उसके साथ बदसलूकी करते हैं। पति रोजाना गाली-गालौज करने के साथ ही मारपीट करता है। सोमवार रात पति ने गालियां देकर 15 दिन की बेटी के साथ उसे बाहर निकाल दिया। शिकायती पत्र मिलने पर पति को थाने बुलाया गया।
थोड़ी देर में पति भी थाने पहुंच गया। उसने सीसीटीवी से रिकार्ड हुआ वीडियो दिखाया। वीडियो में पत्नी ही पति की पिटाई करती दिख रही है। उसके बाद पत्नी अपनी बेटी को लेकर बाहर निकल गई। महिला थाना एसओ नीलेश कुमारी के मुताबिक दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया गया। इसके बाद दोनों साथ में रहने को राजी हो गए हैं।