अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सीपरी बाजार ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर भरे गंदे पानी का छींटा वर्दी पर पड़ने से नाराज डायल-112 के दो सिपाहियों ने कार चालक को रोक लिया। कार से नीचे उतार कर उसके साथ बदसलूकी करने लगे। कार सवार ने अपनी गलती मानते हुए सिपाहियों से माफी भी मांगी लेकिन सिपाही किसी कीमत पर राजी नहीं हो रहे थे। कार चालक को दोनों सिपाही अपनी बाइक में बैठाकर अपने साथ ले गए हालांकि दोनों सिपाहियों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। कार चालक को दोनों सिपाही कहां ले गए, यह भी साफ नहीं हो सका। इस संबंध में एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि वीडियो सामने आया है लेकिन वीडियो से सिपाहियों की पहचान नहीं हो पा रही है। उनकी पहचान कराई जा रही है।