कोतवाली के गुदरी निवासी रोहित सेन किडनी रोग की वजह से पिछले 15 दिन से मेडिकल कॉलेज में भर्ती था। परिजनों का कहना है बृहस्पतिवार दोपहर डायलिसिस कराने के लिए उसे 6 नंबर वार्ड से वेंटिलेटर रूम में शिफ्ट किया गया। उस दौरान वार्ड बॉय की लापरवाही से मरीज की जान चली गई।
रोहित की मौत से परिजन नाराज हो गए। वह वार्ड बॉय को ढूंढते हुए पुरानी बिल्डिंग में पहुंच गए। यहां से वार्ड बॉय मनोज वर्मा को घसीट कर नई बिल्डिंग में ले आए। यहां पांच युवकों ने मिलकर मनोज की बुरी तरह पिटाई शुरू कर दी। हाथ में पहने कड़े से उसका सर फोड़ दिया।
मनोज खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। इसके बाद मेडिकल कॉलेज में हंगामा होने लगा। मेडिकल कॉलेज के गार्ड भी पहुंच गए। थोड़ी देर में नवाबाद पुलिस भी आ गई। दो युवकों को पुलिस पकड़ कर थाने लाई। उधर, रोहित के परिजनों ने रोते बिलखते अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। महिलाओं का आरोप है डॉक्टरों की लापरवाही से रोहित की जान चली गई।