मऊरानीपुर। जनसुनवाई पोर्टल पर दीप नारायण कुशवाहा की शिकायत से तहसील प्रशासन में हलचल है। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील स्तर पर किसानों का डेटा आगे नहीं बढ़ाया जा रहा है। इससे पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त मिलने में परेशानी हो रही है। शिकायत में दावा किया गया है कि करीब पांच हजार से अधिक किसानों का डेटा लंबित है। शिकायतकर्ता ने एक कंप्यूटर ऑपरेटर पर डेटा आगे बढ़ाने के एवज में रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगाया। पहले जिस अधिकारी के विरुद्ध शिकायत थी, उसी को जांच अधिकारी बनाकर शिकायत बंद कर दी गई थी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि मामले की अन्य अधिकारियों से पुन: जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद