झांसी। ओरछा में चल रहे समाजवादी पार्टी के तीन दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव झांसी आएंगे। कार्यक्रम के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री दोपहर 2.10 बजे झांसी हवाई पट्टी पर उतरेंगे। यहां से किसान बाजार, सैनिक स्कूल, एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष अजय सूद, डॉ. पारस गुप्ता, विंग कमांडर जितेंद्र निगम के आवास पर जाएंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से निवाड़ी जिले में स्थित शिविर स्थल ओरछा क्लब एंड रिसॉर्ट पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम के बाद वे अगले दिन भी शिविर में हिस्सा लेंगे। शिविर में झांसी, ललितपुर और जालौन जिले की नौ विधानसभाओं के 100-100 कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।