बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में कार्यशाला का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। एचएपीएनएस ऑक्सिलियरी सर्विसेज ने बेसिक इनोवेशन कौंसिल के सहयोग से बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया, जिसमें मुख्य अतिथि प्रोफेसर सुनील कुमार काबिया ने नौकरी के नए अवसरों की महत्वाकांक्षा पर जोर देते हुए कहा कि एआई सिर्फ नौकरी नहीं बनाता बल्कि नई नौकरियों के लिए रास्ता खोलता है।
उन्होंने कहा कि एआई द्वारा हम आज के आधुनिक दौर के साथ सहभागिता कर सकते हैं। आज एआई का प्रयोग शिक्षा, तकनीकी, विज्ञान हर क्षेत्र में किया जा रहा है। हमारे देश में एआई के उपयोग से एवं उसके तकनीकी ज्ञान से युवा स्वरोजगार को प्राप्त कर सकते हैं, इसीलिए मैं सभी युवा छात्र-छात्राओं से आग्रह करता हूं कि वह एआई से जुड़े ज्ञान को अर्जित करके अपने आपको नए दौर से जोड़ने का काम करें।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के आईएमएस हेड प्रोफेसर पूनम पुरी ने छात्रों को एआई के चमत्कारी प्रभाव को अन्वेषित करने के लिए प्रोत्साहित किया। निकित अरोड़ा ने विभिन्न कॉर्पोरेट सेटिंग में एआई टूल का प्रभावी उपयोग करने के लिए छात्रों का मार्गदर्शन किया।