अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। अमर उजाला फाउंडेशन के दोस्त पुलिस कार्यक्रम के तहत महारानी लक्ष्मी बाई इंटर कॉलेज की छात्राओं ने महिला थाने पहुंचकर पुलिस के कामकाज का तरीका समझा। छात्राओं ने थाने में जीडी कार्यालय, सीसीटीएनएस को देखने के साथ वहां काम का तरीके समझा। महिला पुलिसकर्मियों ने उनको पुलिस के कामकाज के बारे में बताने के साथ मदद मांगने के तरीके भी समझाए। साइबर विशेषज्ञ के तौर पर मौजूद उपनिरीक्षक वीके सिंह ने छात्राओं को सोशल मीडिया का सतर्कता से इस्तेमाल करने की सलाह दी। कहा, आज के समय में सोशल मीडिया जितना आवश्यक है, उतना ही जरूरी उसको इस्तेमाल करने का तरीका सीखना भी है। इस दौरान छात्राओं ने सवाल भी पूछे। छात्राओं के साथ विद्यालय की शिक्षिकाएं समेत महिला थाना से पुलिसकर्मी मौजूद रहे।