अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन ने मतदान केंद्र का किया भ्रमण, चौपाल लगाकर मतदाताओं से किया संवाद
- जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों संग बैठक कर लोकसभा चुनाव की तैयारियों को परखा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बृहस्पतिवार को अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह जनपद दौरे पर आए। यहां उन्होंने क्रिटिकल, बल्नरेवल मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। मिश्रित आवादी में चौपाल लगाकर लोगों को भयमुक्त मतदान करने का भरोसा दिया। जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार की शाम को अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक कुमार लोकसभा मतदान की तैयारियाें का जायजा लेने के लिए जनपद पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले मोहल्ला तालाबपुरा स्थित सुधासागर कन्या इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पहुंचकर भौतिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मिश्रित आबादी, संवेदनशील मतदान क्षेत्र मोहल्ला तालाबपुरा में चौपाल लगाई और मतदाताओं से बातचीत की। लोगों की मतदान संबंधी समस्याओं को सुना और पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही मतदाताओं से भयमुक्त होकर निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन में अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन के साथ होने की बात कही। मतदान प्रभावित करने वाले लोगों की जानकारी डीएम-एसपी को देने की बात चौपाल के दौरान लोगों से कही। लोकसभा चुनाव में ललितपुर पुलिस के चुनाव हेल्प लाइन नंबर 7839697416 के बारे में बताया और चुनाव संबंधी कोई शिकायत होने की सूचना देने की बात कही। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने और कमेंट करने से बचने की सलाह दी गई। चौपाल के बाद अपर पुलिस महानिदेशक ने तालाबपुरा में पैदल भ्रमण किया और लोगों से जनसंवाद किया। उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण मनाने की अपील की, लोकसभा चुनाव में अधिक मतदान करने को प्रेरित किया। इस दौरान डीआईजी झांसी रेंज कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, एसडीएम सदर चंद्रभूषण प्रताप सिंह सहित पुलिस व जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
-
पुलिस लाइन में बैठक कर चुनावी तैयारियाें को परखा
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह ने देर शाम को पुलिस लाइन में जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने चुनावी तैयारियों को परखा। साथ में चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई चूक न करने की बात कही। चुनाव को प्रभावित करने वाले लोगों को चिहिंत कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ में मादक पदार्थ के खिलाफ सघन अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा। पूर्व में हुए चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैलाने वालोें को चिहिंत कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने को कहा।
यूपी-एमपी बार्डर पर बने बैरियरों का किया निरीक्षण
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन ने लोकसभा चुनाव को लेकर जिले से सटे सीमावर्ती प्रदेश मध्य प्रदेश के बार्डर झरर घाट व माताटीला पर बनाए गए सुरक्षा बैरियरों का निरीक्षण किया। यहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को संदिग्ध लोगों, वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश दिए।
मध्य प्रदेश पुलिस से लगाकर रखे संपर्क
जनपद के सीमावर्ती प्रदेश मध्य प्रदेश से सटे जनपद के थाना पुलिस को एमपी के थाना क्षेत्र पुलिस से लगातार संपर्क कर सामंजस्य बेहतर रखने के निर्देश एडीजी कानपुर जोन ने दिए। साथ में चुनाव को प्रभावित करने वाले अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। एमपी थाना पुलिस के साथ समय समय पर बैठक कर सूचनाओें का आदान प्रदान करते रहने को कहा।
फोटो-44
सीओ ने पूर्व सपा जिलाध्यक्ष के घर जाकर परिजनों को दी हिदायत
अपर पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह की मोहल्ला तालाबपुरा में चौपाल के दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों ने सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कैलाश यादव के परिवार वालों की शिकायत की गई। जिस पर क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय पुलिस फोर्स व पैरा मिलिट्री फोर्स के साथ सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के घर के बाहर पहुंचे और उनके परिजनों से चुनाव के दौरान किसी भी मतदाता को डराने-धमकाने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी।