सीपरी बाजार में सुभाष मार्केट और आर्यकन्या इंटर कॉलेज तिराहा में रविवार को फल, सब्जी वाले हाथ ठेले लेकर फिर इकट्ठा हो गए। खरीदारी के लिए सड़कों पर लोगों की भीड़ भी उमड़ने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फल, सब्जी वालों को खदेड़ा। उनसे मुहल्ले-मुहल्ले जाकर सब्जी बेचने के लिए कहा। पिछले कुछ दिनों से मना करने के बावजूद हाथ ठेले वाले सीपरी बाजार में आर्यकन्या तिराहा और सुभाष मार्केट के पास फल और सब्जियां बेचने के लिए एकत्र हो जाते हैं। कई बार पुलिस इनको यहां से खदेड़ चुकी है, इसके बावजूद सब्जी व फल विक्रेता मान नहीं रहे हैं। रविवार को फिर से ठेले वाले इन स्थानों पर जम गए। ठेले लगाते समय सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया गया। न तो ठेले वाले और न ही खरीदार मास्क पहने हुए थे। भीड़भाड़ लगने की सूचना जब पुलिस को मिली तो वह मौके पर पहुंची। पुलिस ने फल, सब्जी वालों को लाठियां लेकर खदेड़ना शुरू कर दिया। तब जाकर वहां से भीड़ छटी। पुलिस ने फल, सब्जी विक्रेताओं को फिर हिदायत दी कि निर्धारित समय में मुहल्ले-मुहल्ले जाकर बिक्री करें। लॉकडाउन में एक स्थान पर भीड़ न लगाएं। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा नंदनपुरा में भी सब्जी विक्रेता और खरीददार बिना मास्क पहने घरों से निकले। यहां पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया।