ओरछा में अंशुल आटा चक्की पर शूटिंग करते अभिषेक बच्चन।
- फोटो : DEHAT
ओरछा। मड़ोर गांव में शूटिंग पूरी करने के बाद सोमवार को अभिषेक बच्चन ने ओरछा में शूटिंग की। इस दौरान वे मुख्य चौराहा से होकर ओरछा की गलियों में टहलते हुए आलोक साहू की आटा चक्की पर पहुंचे जहां पर शूटिंग की गई। गलियों में घूमकर शूटिंग कर रहे अभिषेक बच्चन के चारों ओर बाउंसरों का कड़ा सुरक्षा घेरा था।
सोमवार सुबह करीब 6 बजे अभिषेक बच्चन ओरछा में स्थित आलोक साहू की आटा चक्की पर पहुंचे। इस सीन में अभिषेक बच्चन चक्की वाले के यहां नौकर का काम करते हुए दिखाई दिए। वह गेहूं की बोरी उठाते हैं तो गेहूं फैल जाता है और चक्की मालिक गेहूं फैलने पर अभिषेक बच्चन को यह कहकर काम से हटा देता है कि तुम्हें कुछ काम करना नहीं आता है। इसके अलावा नगर के बस स्टैंड पर स्थित खुमान सिंह की कपड़ा की दुकान पर सेल्समैन का काम करते हुए अभिषेक बच्चन का दृश्य शूट किया गया। यहां स्थित एक सैलून की दुकान के साथ-साथ अन्य दुकानों पर भी कुछ सीन शूट किए गए।
बीते रोज रविवार को अभिषेक बच्चन वेब सीरीज की अभिनेत्री के साथ बाइक पर ठंडे-ठंडे पानी से नहाना चाहिए गीत गाते हुए बाइक चलाते दिख रहे थे। इसके पहले सुबह मड़ोर गांव में शूटिंग के बाद गांव के लोगों ने उन्हें बुके भेंटकर व माल्यार्पण कर स्वागत किया और फिर से मड़ोर गांव आने का आग्रह किया। इस वेब सीरीज की ओरछा और आसपास के गांवों में एक सप्ताह और शूटिंग चलेगी।