अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन कराने के लिए आईआरसीटीसी (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म) कॉर्पोरेशन द्वारा आस्था स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह गाड़ी वीरांगना लक्ष्मीबाई, झांसी रेलवे स्टेशन से 10 और 24 फरवरी को चलेगी और उरई, कानपुर, फतेहपुर और प्रयागराज होते हुए 13 घंटे में श्रद्धालुओं को अयोध्या पहुंचाएगी। जल्द इसके टिकट की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी।
अयोध्या के भव्य राम मंदिर में 22 जनवरी को रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से वहां जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आईआरसीटीसी द्वारा देश के अलग-अलग हिस्सों से आस्था स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन्हीं में से 10 और 24 फरवरी को दो ट्रेनें झांसी से चलाई जाएंगी। यह गाड़ियां यहां से रात 11.55 बजे रवाना होंगी और अगले दिन दोपहर 12.55 बजे अयोध्या पहुंचेंगी। जबकि, 12 और 26 फरवरी को यह ट्रेनें अयोध्या से रात 9.20 बजे चलकर झांसी अगले दिन सुबह रात आठ बजे पहुंचेंगी। दोनों ट्रेनों में 22 कोच रहेंगे। यात्रियों को ट्रेन में नाश्ते व भोजन की भी व्यवस्था की जाएगी। इसका पैसा किराये में शामिल किया जाएगा। जल्द इसके टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी।
0000000
श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
अयोध्या के लिए आस्था स्पेशल ट्रेनें संचालित होने की वजह से यात्रियों का वहां जाना आसान होगा। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में झांसी से अयोध्या के लिए प्रतिदिन साबरमती एक्सप्रेस का संचालन किया जाता है। जबकि, सूरत-मुजफ्फरनगर, यशवंतपुर-गोरखपुर व छपरा अंत्योदय एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेनें हैं, जो अयोध्या जाती हैं। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद से इन ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है।