अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सिकंदराबाद से चलकर अयोध्या जाने वाली आस्था स्पेशल ट्रेन मंगलवार की शाम झांसी पहुंची। 10 मिनट के ठहराव के बाद कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच ट्रेन को यहां से अयोध्या के लिए रवाना किया गया।
सिकंदराबाद से चलकर मंगलवार की शाम 5.40 बजे आस्था स्पेशल ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई, झांसी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। ट्रेन की 22 बोगियों में 1300 श्रद्धालु सवार थे। ट्रेन के पहुंचते ही स्टेशन परिसर जय-जय श्रीराम के नारों से गुंजायमान हो उठा। इसके अलावा ट्रेन के भीतर भी श्रद्धालु भजन-कीर्तन कर रहे थे। यहां स्टेशन पर सभी श्रद्धालुओं को जल-पान उपलब्ध कराया गया। इस दौरान एसपी जीआरपी विपुल कुमार श्रीवास्तव की अगुवाई में जीआरपी की टीमें सुरक्षा में तैनात रहीं। बता दें कि झांसी के श्रद्धालुओं को लेकर 10 फरवरी को आस्था स्पेशल ट्रेन यहां से अयोध्या के लिए रवाना होगी। इसके लिए टिकटों की बुकिंग की जा रही है।