झांसी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शासन ने योजना के तहत मिलने वाली राशि दो गुनी कर दी, लेकिन आवेदक अपनी गलतियों के चलते योजना का लाभ पाने के हकदार नहीं बन पाए। 50 आवेदन ऐसे रहे, जिन्होंने बैंक खाते से आधार को लिंक नहीं कराया। वहीं, कुछ लोग ओटीपी वेरीफिकेशन भी नहीं करा पाए।
इस बार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में लगभग 356 से अधिक आवेदन आए थे। इसमें से 300 जोड़ों को अनुदान के लिए चुना गया। वहीं, 50 आवेदक ऐसे जिन्होंने अपने आधार कार्ड से बैंक खाते को लिंक नहीं कराया। इसके चलते आवेदन निरस्त कर दिए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी केपी सिंह ने बताया कि आवेदक केवल इस कारण से वंचित हो गए कि उन्होंने बैंक अकाउंट आधार कार्ड से लिंक नहीं कराया। कई आवेदक ऐसे भी रहे जिन्होंने जो मोबाइल नंबर आवेदन में दिया वह बंद हो चुका है। ऐसे में जब सत्यापन के लिए उनके पास ओटीपी गया तो फोन बंद था।