मऊरानीपुर। नगर की सुखनई नदी की ढाल पर बैंक ऑफ इंडिया के पास नमाज पढ़कर पैदल घर लौट रहे युवक को मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही युवक की मौत हो गई। मोहल्ला अल्याई मऊरानीपुर निवासी युवक इरशाद (35) पुत्र पीरअली मद्दुशाह सुबह नमाज पढ़कर पैदल घर लौट रहा था। तभी बैंक ऑफ इंडिया के पास तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे इरशाद गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने इरशाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं टक्कर मारकर मोटरसाइकिल सवार मौके से भाग निकला। मृतक के पिता ने बताया कि युवक की तीन बच्चियां हैं। घटना की सूचना मऊरानीपुर कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।