अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीकेडी से स्नातक की पढ़ाई कर रही छात्रा ने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। कॉलेज से नया मोबाइल लेकर वह अपने घर आई थी। कुछ देर बाद कमरे को अंदर से बंद करके उसने दुपट्टे से फंदा बनाकर लटक गई। परिजन उसके सुसाइड करने की वजह नहीं बता सके। शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही पुलिस छानबीन कर रही है।
प्रेमनगर थाना के ईसाई टोला के आजाद नगर कॉलोनी निवासी समीउल्ला जीविकोपार्जन के लिए प्राइवेट काम करते हैं। उनकी बेटी अलीशा (19) बीकेडी में बीए की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को अलीशा कॉलेज गई थी। उसे वहां से नया मोबाइल मिला था। मां चांद बानो और भाई-बहन छत पर सफाई कर रहे थे। कुछ देर बाद उसने कमरे को अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब भाई नीचे आया तब दरवाजा अंदर से बंद था। अंदर अलीशा को फंदे से लटका देख उसकी चीख निकल गई। आसपास के लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया लेकिन, परिजन उसके सुसाइड करने की वजह नहीं बता सके। प्रेमनगर थाना प्रभारी शिव कुमार राठौर के मुताबिक मामले की छानबीन कराई जा रही है।