झांसी। शुक्रवार को हुई जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 88 करोड़ 84 लाख रुपये के बजट पर मुहर लगी। इस बजट का एक बड़ा हिस्सा जिले में सड़कों का जाल बिछाने पर खर्च होगा। वहीं जिला पंचायत अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए कांप्लेक्स और दुकानें भी तैयार करेगा।
जिला पंचायत के सभागार में अध्यक्ष पवन गौतम की अध्यक्षता में हुई बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 88,84,34,405 रुपये का बजट लाया गया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से पास किया। इस दौरान सदन के समक्ष जिला पंचायत की प्रस्तावित आय 88,84,34,406 रुपये रखी गई, जो प्रस्तावित व्यय बजट के लगभग अनुरूप रही।
बैठक की शुरुआत दोपहर 12 बजे होनी थी, परंतु कोरम पूरा होने में हुई देरी की वजह से बैठक एक बजे बाद शुरू हो पाई। जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक सात से सदस्य और समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष बृजेंद्र यादव के नेतृत्व में विपक्षी सदस्य बैठक से दूरी बनाए रहे। बृजेंद्र यादव का आरोप था कि जिला पंचायत द्वारा सदस्यों के प्रस्तावों पर अमल नहीं किया जाता है। बृजेंद्र यादव का दावा था कि उनके साथ 11 सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया है। इससे बैठक का कोरम पूरा नहीं हो पाएगा। लेकिन, बाद में इनमें से कुछ सदस्य बैठक में शामिल हो गए और बैठक का कोरम पूरा होने पर सर्वसम्मति से फैसले ले लिए गए।
साथ ही बैठक में बताया गया कि जिला पंचायत जेल चौराहे के पास बने हॉस्टल में कांप्लेक्स और दूरदर्शन केंद्र के पास पड़ी दो एकड़ भूमि पर शेयरिंग के आधार पर दुकानें बनाई जाएंगी। जेडीए 15 दिन में इसकी डीपीआर बना लेगा।
बैठक में शामिल हुए केंद्रीय राज्य मंत्री भानुप्रताप वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विकास में जिला पंचायत की भूमिका महत्वपूर्ण है। गरौठा के विधायक जवाहर लाल राजपूत ने कहा कि जिला पंचायत आदर्श गो आश्रय स्थल का निर्माण करे, जिसमें ललितपुर की तरह एक साथ छह-सात हजार पशुओं को रखा जा सके। संचालन अपर मुख्य अधिकारी आशुतोष ने किया।
किसी सदस्य का बेटा मौजूद रहा तो किसी का पति
झांसी। जिला पंचायत की बैठक में महिला सदस्यों के साथ उनके पति और बेटे भी बतौर प्रतिनिधि मौजूद रहे। फुटेरा से सदस्य विनीता कुशवाहा के साथ उनके पति अमर सिंह कुशवाहा बैठक में मौजूद रहे, जबकि ककरबई से सदस्य लुधनीवाली के साथ उनके पुत्र शत्रुघ्न परिहार बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान इन लोगों की ओर से सदन में मुद्दे भी रखे गए। इसके अलावा कई ऐसे लोग भी सदन में मौजूद थे, जिनका जिला पंचायत से कोई दूर-दूर तक लेना देना नहीं था। लेकिन, इन्हें रोकने-टोकने की किसी ने जहमत नहीं उठाई।
नाश्ते की प्लेट छोटी देख भड़के ब्लॉक प्रमुख
झांसी। बैठक की शुरुआत में सदन में मौजूद लोगों को जिला पंचायत की ओर से नाश्ता परोसा गया। नाश्ते की प्रत्येक प्लेट में दो बिस्किट और कुछ चिप्स रखे हुए थे। इसे देख चिरगांव के ब्लॉक प्रमुख राजकांतेश वर्मा भड़क गए। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत इतना गरीब हो गया है कि सदन में मौजूद लोगों को सही ढंग से नाश्ता भी नहीं परोसा पा रहा है। इस पर अन्य सदस्यों ने भी सहमति जताई। फिर किसी ने भी नाश्ता नहीं किया।
काली सूची में डाले जाएंगे काम न करने वाले ठेकेदार
झांसी। बैठक में सदस्यों की ओर से भी कई प्रस्ताव रखे गए। ब्लॉक प्रमुख राजकांतेश वर्मा ने कहा कि पंचायत के ठेके 20-25 फीसदी कम रेट तक में जा रहे हैं। इससे जाहिर है कि एस्टिमेट ठीक ढंग से नहीं बनाए जा रहे हैं। इसकी जांच कराई जाए। साथ ही कहा कि कई काम ऐसे हैं, जिनके वर्क ऑर्डर जारी हुए एक साल बीत गया है, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हुआ है। इस पर पंचायत अध्यक्ष ने ऐसे ठेकेदारों को काली सूची में डालने के निर्देश दिए। राजकांतेश ने यह भी कहा कि पंचायत द्वारा बनाई जाने वाली सड़कों का जनप्रतिधियों की मौजूदगी में शिलान्यास कराया जाए। बगैर इसके ठेकेदारों को भुगतान नहीं किया जाए। सदस्य विवेक राजपूत ने कहा कि समय पूरा होने के बाद भी खनिज बेरियर काम कर रहे हैं। इस पर अध्यक्ष की ओर से बताया गया कि किसी नई एजेंसी का अब तक टेंडर नहीं हुआ है। इस पर पुरानी से ही ज्यादा दरों पर काम कराया जा रहा है। रजनी गौतम ने कहा कि बुधपुरा से शंकरगढ़ जाने वाला मार्ग दो साल से अधूरा पड़ा है। साथ ही उन्होंने स्कूलों की जर्जर स्थिति भी बताई। अंजना पटेल की ओर से गुरसराय में पुस्तकालय बनाने, पाइप लाइन के लिए खोदी गईं सड़कों को दुरुस्त कराने की मांग की। सदस्य विनीता कुशवाहा की ओर से बरुआसागर में कोरोना से पूर्व की तरह ट्रेनों के ठहराव की मांग की। बैठक में मौजूद केंद्रीय मंत्री ने रेलवे से बात कर जल्द ट्रेनों का ठहराव पहले की तरह कराने का भरोसा दिया।