झांसी। बुंदेलखंड कालेज में एलएलबी तृतीय वर्ष के छात्रों की विदाई समारोह में हंगामा हो गया। पीड़ित छात्र ने पुलिस से शिकायत की है कि वह स्टेज पर कविता सुना रहा था, तभी दबंग जूनियर छात्र ने उसे स्टेज से खींचकर साथियों सहित गाली-गलौज कर पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो पुलिस को दिखाते हुए दबंग छात्र के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़ित छात्र की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। बरुआसागर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कटरा में रहने वाले सुशील कुमार तिवारी बुंदेलखंड कालेज में एलएलबी द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। 13 अप्रैल को दोपहर कालेज में एलएलबी तृतीय वर्ष के छात्रों का विदाई समारोह था। इसमें वह अपने साथियों के साथ शामिल हुआ। वह स्टेज पर कविता सुना रहा था। तभी एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र अंकित पटेल अपने साथियों के साथ आया और उसे स्टेज से खींचकर नीचे ले गया। जहां गाली-गलौज कर उसके साथ मारपीट करने लगा। इससे हंगामा मच गया। उक्त पूरी घटना की कुछ छात्रों ने वीडियो भी बनाई। जिसमें उसके साथ मारपीट की जा रही है। इसकी शिकायत सुशील ने नवाबाद थाना पुलिस से की है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि कालेज के अंदर सीनियर छात्रों की विदाई के समय मारपीट हुई है। मामले की जांच की जा रही है।