झांसी। क्रिकेट के विवाद में एक किशोर को बंधक बनाकर उसकी जमकर पिटाई की गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। भुक्तभोगी ने पांच आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली, पंचवटी कॉलोनी निवासी राकेश यादव ने पुलिस को बताया कि सीपरी बाजार निवासी आनंद यादव के साथ क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हो गया था। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उनके सोलह वर्षीय भतीजे को फोन करके आनंद ने बाहर बुलाया। जब उनका भतीजा वहां पहुंचा तब पहले से ही आनंद अपने साथियों के साथ वहां खड़ा था। अपने साथियों के साथ मिलकर उसके भतीजे को अगवा करके अपने घर ले गया। वहां भतीजे को बंधक बनाकर उसकी जमकर पिटाई की। जान से मार देने की धमकी देते हुए उसे बाहर छोड़कर भाग गए। मालूम चलने पर वह मौके पर पहुंचा। घायल को लेकर वह अस्पताल पहुंचा। राकेश की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आनंद समेत चार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।