झांसी। लंबी माथापच्ची के बाद भी जमीन के नवीन सर्किल रेट शुक्रवार को जारी नहीं हो पाए। अब इसके लिए एक दो - दिन और इंतजार करना पड़ेगा।
शासन के निर्देशानुसार निबंधन विभाग द्वारा जमीनों के सर्किल रेट एक अगस्त को जारी किए जाने थे। निबंधन विभाग द्वारा इसका खाका पिछले माह ही तैयार कर लिया गया था। इस पर 25 जुलाई तक आपत्तियां मांगी गईं थीं। निबंधन विभाग द्वारा एक अगस्त को नए सर्किल रेट जारी करने की पूरी तैयारियां कर ली गईं थीं। नए सर्किल रेट लागू होने की वजह से पिछले एक सप्ताह से सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में बैनामा कराने वालों की जमकर भीड़ भी उमड़ रही थी, परंतु एन वक्त पर निबंध विभाग द्वारा तय की गईं जमीन की दरों पर सहमति नहीं बन पाई। प्रस्तावित दरों का फिर से परीक्षण किया जा रहा है। जिलाधिकारी लाल बिहारी पांडेय ने बताया कि नवीन सर्किल रेट जारी करने में एक - दो दिन का समय और लग सकता है। वहीं, शुक्रवार को सर्किल रेट जारी न होने का बैनामों पर भी खासा असर पड़ा। दिन भर सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा।