झांसी। शनिवार को नवाबाद थाना इलाके में बाइक सवार बदमाश ने दिनदहाड़े एक दुकान के गल्ले से 90 हजार रुपये उड़ा दिए। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के जरिये पुलिस बदमाश की तलाश में जुटी हुई है।
वीरांगना नगर निवासी मनीष व अरुण लहारिया की शिवाजी नगर में ओम इंटरप्राइजेज के नाम से विद्युत उपकरणों की दुकान है। शनिवार की दोपहर साढ़े बारह बजे एक बाइक सवार उनकी दुकान पर आया। वह हेलमेट पहने हुए था। उसने मनीष लहारिया से एमसीबी मांगी। इसके एवज में उसने दो हजार रुपये का नोट थमाया। गल्ले में छुट्टे न होने की वजह से मनीष ने पास में रखा 90 हजार रुपये से भरा बैग खोला और रकम निकालकर गल्ले में रख ली।
ये पैसा मनीष बैंक में जमा करने जाने वाले थे। इसी दरम्यान बाइक सवार ने अन्य सामान मांगा, जिसे निकालने के लिए वे दुकान के पीछे बने गोदाम पर चले गए। इसी बीच बाइक सवार बदमाश गल्ले में रखे 90 हजार रुपये निकाल ले गया। वापस दुकान पर पहुंचने पर उन्हें इसकी जानकारी हुई। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।
दुकान संचालक मनीष ने बताया कि बाइक पर नंबर नहीं लिखा हुआ था। साथ ही पूरे घटनाक्रम के दौरान बाइक सवार ने अपना हेलमेट नहीं उतारा था, जिससे वे उसका चेहरा सही ढंग से नहीं देख पाए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है। मामले में अभी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।