जिले में लॉकडाउन के दौरान करीब 800 से अधिक वाहनों बीएस-4 की बिक्री हो गई। जिले के आरटीओ कार्यालय में अब तक तमाम लोग बीएस-4 वाहनों का पंजीकरण करा चुके हैं। वहीं जिन लोगों ने बीएस-4 वाहनों की खरीद के बाद पंजीकरण नहीं कराया है, तो उनके पास पंजीकरण का आज आखिरी मौका है। सुप्रीम कोर्ट ने पहले 31 मार्च 2020 तक बीएस-4 मानक के वाहनों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए थे। इस बीच कोरोना संक्रमण को लेकर लॉकडाउन कर दिया गया। इसके चलते सुप्रीम कोर्ट ने पंजीकरण की तिथि को बढ़ाकर 30 अप्रैल कर दिया था। वहीं सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को लेकर वाहन विक्रेताओं ने स्टॉक को खपाने के लिए विभिन्न ऑफर दिए थे, लेकिन लॉकडाउन के चलते प्रतिष्ठान बंद हो गए। इसके बाद भी वाहन विक्रेताओं ने लॉकडाउन में करीब 800 वाहन बेच दिए हैं। जिनका कार्यालय में अस्थाई पंजीकरण कराया गया है। बताया जाता है कि तमाम वाहन विक्रे ताओं ने अपने परिचितों के नाम पर वाहनों का पंजीकरण करा दिया है। ताकि लॉकडाउन के बाद उसे बेचा जा सके। एआरटीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अब तक 800 वाहनों के पंजीकरण हुए हैं। जिसमें 300 वाहन बाहरी जिलों से खरीदे गए हैं। अगर किसी वाहन स्वामी ने अब तक बीएस-4 वाहन का पंजीकरण नहीं कराया हैं, तो वह आज अपने वाहन का पंजीकरण करा लें।